सफलता

 सफलता के पैमाने क्या हैं? सफलता की परिभाषा क्या है?

अमूमन सफलता को दो तरह से देखा जाता रहा है - किसी के जीवन की सफलता या किसी व्यक्ति की सफलता। यदि जीवन की सफलता की बात करें तो कैसा जीवन सफल माना जाता है? क्या जीवन कि परम सफलता मोक्ष की प्राप्ति नहीं? मगर मृत्योप्रांत मिलने वाला मोक्ष जंगल में नाचे मोर जैसा, दोनों को किसी ने नहीं देखा। और जिसको देखा नहीं, उस पर यकीन कर पाना मनुष्य के लिए आसान बात नहीं। क्या इसी कारण वश हम जीवन की सफलता को जोड़ दिया करते हैं जीवन के अन्य किरदारों से - नौकरी, पैसा, शादी, इत्यादि? क्या किसी एक किरदार का सफल होना सम्पूर्ण जीवन की सफलता को पूर्ण रूप से दर्शा सकता है?! 

इन किरदारों का ज़िक्र व्यक्ति की सफलता में भी किया जाता है। किन्तु किसी एक व्यक्ति की सफलता हर कोई अपनी तरह से मापता है। यदि आपसे पूछा जाए की फलां व्यक्ति सफल है या नहीं, तो आप किस किरदार को सर्वोच्च स्थान पर रख कर उसकी सफलता मापेंगे? क्या उस व्यक्ति की खुशी उसकी सफलता का प्रमाण है, या उसका परिवार, या उसकी नौकरी, या उसकी आर्थिक स्थिति, या फिर कोई अन्य किरदार? 

दूसरे व्यक्ति की सफलता मापने के लिए हम जिन पैमानों का उपयोग करते हैं, वह पैमाने उसकी सफलता से अधिक हमारे विचारों को दर्शाते है। वे बताते हैं कि हमारे लिए सफलता की क्या परिभाषा है। इस प्रकार से देखा जाए तो हर व्यक्ति की सफलता की परिभाषा अलग, पैमाने अलग। इसका अभिप्राय ये कि सफलता एक बहुत ही निजी वस्तु है। यह आपके लिए कुछ और, और मेरे लिए कुछ और हो सकती है। 

यदि सफलता इतनी ही निजी बात है, फिर हम क्यूं दूसरों को अपने पैमाने अनुसार सफल जान कर उनसे कुढ़ते रहते हैं। संभवतः जो व्यक्ति आपकी नजर में सफल हो, उसका जीवन उसकी नज़र में सफलता से कोसो दूर हो। फिर वो भी शायद आपको सफल जान कर आपसे प्रतिस्पर्धा का भाव रखता हो। जबकि अपनी अपनी नज़र में दोनों ही व्यक्ति असफल हैं।

कईं दफा, हम अपने आस पास के लोगों से, उनकी बातों से इस तरह प्रभावित हो जाते है कि उन्हीं की सफलता की परिभाषा को अपना लेते हैं। ऐसा करने में हम अपनी सफलता की चाबी को अन्य लोगों के हाथों में थमा देते हैं और उन्हीं के तय किए पैमानों से अपने को सफल व असफल के स्थान पर विराजमान कर लेते हैं।

आवश्यक है कि सफलता जैसी निजी वस्तु को हम निजी ही रखें और इस पर दूसरों के विचारों व बातों का ज़ंग ना लगने दें। ये जानें कि हमारी सफलता की कहानी में मुख्य किरदार कौन हैं, और ऐसे कौन से पैमाने हैं जिनकी भूमिका केवल सहायक की है!

Comments

Popular posts from this blog

Undying determination will help us achieve our goals in life

Helen

I'm not a virgin. Are you?